सलोन, रायबरेली। नगर पंचायत सलोन के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में बुधवार को दस उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही नामांकन करने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या 14 हो गई। कांग्रेस द्वारा अपने प्रत्याशी से सिंबल वापस लिए जाने के बाद चुनावी समीकरणों में नया मोड़ आ गया है। वहीं, निवर्तमान चेयरमैन चंद्रशेखर रस्तोगी ने अपने कर्मचारी को भी चुनाव मैदान में उतारकर राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।बुधवार को निवर्तमान चेयरमैन चंद्रशेखर रस्तोगी ने समर्थकों के साथ नामांकन कार्यालय पहुंचकर एक बार फिर अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की। इसी के साथ उन्होंने अपने कर्मचारी अमरनाथ का भी नामांकन दाखिल करवाया। हालांकि, इसके पीछे रस्तोगी की रणनीति क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
उधर, फल आढ़ती अली अहमद और उनके सुपुत्र मोहम्मद सरफराज ने भी नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।इरफान सिद्दीकी ने समर्थकों के साथ नामांकन कार्यालय पहुंचकर अपनी दावेदारी पेश की। बाबूलाल और उनकी धर्मपत्नी शिवकांति ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।पिछले निकाय चुनाव में सत्ताधारी दल के टिकट पर चुनाव लड़कर पांचवें स्थान पर रहे परमेश कुमार ने इस बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोकी है। उग्रसेन पटेल ने भी नामांकन दाखिल किया। वहीं, सुनील कुमार ने एक और सेट में नामांकन पत्र दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की है।रिटर्निंग ऑफिसर सुजीत राय ने बताया कि अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए कुल 20 उम्मीदवारों ने 33 सेट नामांकन पत्र खरीदे थे। इनमें से 14 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं, एआरओ अखिलेश पांडे ने बताया कि कांग्रेस ने अपना सिंबल वापस ले लिया है। ऐसे में तनवीर अब निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।