*बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह*
भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा बिहार विधान परिषद् द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के संबंध में दिनांक-22.09.2026 को प्रेस नोट जारी कर दिया गया है।
तदालोक में 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन कार्यक्रम के आलोक में दिनांक-24.09.2026 को सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के जिला प्रतिनिधियों के साथ बैठक एवं मीडिया के साथ प्रेस वार्ता जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि दिनांक-29.09.2026 को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। नामांकन करने की अंतिम तिथि दिनांक-06.10.2026 निर्धारित है। निर्वाचन से संबंधित कार्यक्रम निम्नवत् हैं:-
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार विधान परिषद के
03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन, 2026 की घोषणा एवं प्रेस नोट निर्गत
करने की तिथि – 22.09.2026 (मंगलवार)
अधिसूचना जारी करने की तिथि – 29.09.2026 (मंगलवार)
नाम निर्देशन करने की अंतिम तिथि – 06.10.2026 (मंगलवार)
नाम संवीक्षा करने की तिथि – 07.10.2026 (बुधवार)
अभ्यर्थिताए वापस लेने की अंतिम तिथि – 09.10.2026 (शुक्रवार)
मतदान की तिथि – 23.10.2026 (शुक्रवार) मतदान का समय- 08.00 बजे पूर्वाह्न से 04.00 बजे अपराह्न तक
ज. मतगणना की तिथि – 27.10.2026 (मंगलवार)
जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि निर्वाचन भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रेस नोट जारी करने (दिनांक 22.09.2026) के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इस निर्वाचन में निर्वाची पदाधिकारी आयुक्त सारण होते हैं जबकि सहायक निर्वाची पदाधिकारी जिलाधिकारी होते हैं। नामांकन की प्रक्रिया सारण प्रमंडलीय आयुक्त महोदय के द्वारा निर्धारित स्थल पर पुरी की जाएगी।
इस चुनाव को लेकर पूर्वी चंपारण जिला में प्रखंड मुख्यालय में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। जिले में कुल 27 मतदान केंद्र होंगे जहां 1741 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1533 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 208 है। जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया की निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने हेतु नामांकन शुल्क सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के लिए रु 10000 तथा अनुसूचित जाति /अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार के लिए ₹5000 निर्धारित है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की गई बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री आशुतोष राय के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री पवन राज, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ओसैदुर रहमान, जनता दल यूनाइटेड के दिनेश चंद्र प्रसाद, आम आदमी पार्टी के सुनील कुमार कुशवाहा और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्क्सिस्ट के अशोक पाठक उपस्थित थे।
रिपोर्ट,अमरजीत सिंह