ITN National

इंडियन टीवी न्यूज

Advertisement

वाराणसी में तीन दिन से छाए बादल, 48 घंटे तक बारिश के आसार

```

वाराणसी। पूर्वांचल में बदले मौसम के बीच वाराणसी में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं और रुक-रुककर हो रही बारिश ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है।

वाराणसी में इस दौरान 7.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वातावरण में नमी का स्तर भी काफी अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 98 और न्यूनतम 93 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम के बदले मिजाज का असर शहर के साथ आसपास के पूर्वांचली जिलों में भी दिखाई दे रहा है।

सुबह से छाए रहे बादल, रुक-रुककर होती रही बारिश

शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। बीच-बीच में बूंदाबांदी और फुहार के साथ तेज हवाएं चलती रहीं। दिन बढ़ने के साथ हवाओं का असर तेज हुआ और मौसम का मिजाज और तल्ख होता गया।

इससे लोगों को सितंबर के सामान्य मौसम की तुलना में अधिक ठंडक महसूस हुई। बुधवार शाम से ही पूर्वांचल में मौसम में बदलाव का सिलसिला शुरू हुआ था, जो शुक्रवार को भी जारी रहा।

शनिवार तक यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार तक पूर्वांचल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान भी बादलों की सक्रियता बनी रह सकती है और कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह भी बादलों की आवाजाही बनी रहने का अनुमान है। मानसून की विदाई से पहले मौसम में उतार-चढ़ाव और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

चक्रवाती परिस्थितियों का भी असर

मौसम में आए इस बदलाव के पीछे चक्रवाती परिस्थितियों का प्रभाव भी बताया जा रहा है। विभाग पहले ही पूर्वांचल में इनके असर की संभावना जता चुका था। पिछले तीन दिनों से तेज हवाओं और बारिश के कारण मौसम लगातार करवट ले रहा है।

फिलहाल तापमान में आई गिरावट और वातावरण में बनी नमी के चलते वाराणसी समेत पूर्वांचल में मौसम सुहाना होने के साथ बारिश वाला बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *