उत्तर प्रदेश

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न सीसीटीवी से होगी विद्यालय की निगरानी, शैक्षिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

```html id="cyap7e" ```

झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बरुआसागर की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं भोजन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में कक्षा-12 के वाणिज्य वर्ग के परीक्षा परिणाम को संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। छात्रावास की छात्राओं के शौचालय की व्यवस्था में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अनाच्छादित क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालय परिसर की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।

भोजन की गुणवत्ता को लेकर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने मैस का निरीक्षण किया और छात्रों के साथ भोजन कर उसकी गुणवत्ता एवं स्वाद का परीक्षण किया। स्वच्छता व्यवस्था बेहतर पाए जाने के साथ ही भोजन की गुणवत्ता में और सुधार के सुझाव दिए गए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक माह खाद्य सुरक्षा अधिकारी से भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की भी समीक्षा की गई। विद्यालय को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए अर्बन फीडर से जोड़ने की कार्रवाई सात दिवस में पूरी करने तथा बारिश के दौरान स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थी शिकायत प्रकोष्ठ एवं विशाखा समिति का गठन कर शिकायतों एवं उनके निस्तारण की जानकारी आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शिकायत प्रकोष्ठ के सदस्यों के नाम और संपर्क नंबर विद्यालय में प्रदर्शित कराने को कहा।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रती वर्मा, उप प्रधानाचार्य प्रभाकर पांडे, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग नवनीत, प्रभारी चिकित्साधिकारी बरुआसागर डॉ. वी.एस. राजपूत सहित विद्यालय के अधिकारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *