उत्तर प्रदेशताजा खबरलेटेस्ट न्यूज़

गंगाघाट में चोरी का खुलासा: लाइसेंसी बंदूक, लैपटॉप व जेवरात समेत पूरा माल बरामद, दो गिरफ्तार

```html id="cyap7e" ```

उन्नाव।

थाना गंगाघाट क्षेत्र के अखलाकनगर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज दो दिन में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी एक नाली 12 बोर बंदूक, लैपटॉप, टैबलेट, वैज्ञानिक कैलकुलेटर, जेवरात और मोबाइल फोन समेत पूरा माल बरामद किया गया है।

घटना का क्रम: पुलिस के अनुसार अखलाकनगर निवासी चाँद बीबी 23 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे मकान में ताला लगाकर कानपुर के मोतीनगर स्थित रिश्तेदारी में गई थीं। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे वापस लौटने पर घर की पिछली खिड़की की जाली टूटी मिली। दूसरी मंजिल के कमरे का दरवाजा तोड़कर चोर अलमारी में रखा सामान लेकर फरार हो चुके थे।

मुकदमा दर्ज: सूचना के आधार पर थाना गंगाघाट में मु0अ0सं0 528/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी: पुलिस ने 25 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर चंदन घाट के पास से गुलफाम पुत्र आरिफ (22) निवासी अखलाकनगर और अरबाज पुत्र मोहम्मद मुख्तार (करीब 18 वर्ष) को गिरफ्तार किया। घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया।

बरामदगी: पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाइसेंसी एक नाली बंदूक, एचपी कंपनी का लैपटॉप, वैज्ञानिक कैलकुलेटर, सैमसंग टैबलेट, तीन पीली धातु की अंगूठियां, दो जोड़ी पायल, दो चांदी के सिक्के और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

आपराधिक इतिहास: पुलिस के मुताबिक आरोपी गुलफाम के खिलाफ कानपुर नगर के चकेरी व महाराजपुर तथा उन्नाव के गंगाघाट थाने में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में पूर्व के मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम को पुरस्कार: घटना का अनावरण करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव ने 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह समेत गंगाघाट पुलिस की टीम शामिल रही।

सोमेंद्र नाथ 

ITN national विशेष संवाददाता उन्नाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *