संबलपुर, 29 सितंबर।बच्चों के अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबलपुर जिले ने एक नया संकल्प लिया है। आगामी गांधी जयंती के अवसर पर जिले की सभी पंचायतों में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी तथा ऑनलाइन शोषण के खिलाफ सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी।इसी उद्देश्य को लेकर मंगलवार को जिला परिषद सभागृह में ‘आदर्श’ और ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन’ के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन संबलपुर जिला परिषद के सीडीओ प्रसन्न पात्र ने किया, जबकि ‘आदर्श’ के सचिव प्रदीप बेहरा ने इसकी अध्यक्षता की।सभा में बच्चों की सुरक्षा को लेकर पांच सूत्रीय शपथ निर्धारित की गई। इनमें बाल विवाह रोकना, बाल श्रम बंद करना, सभी बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करना, बच्चों के साथ होने वाले उत्पीड़न को बढ़ावा नहीं देना तथा साइबर शोषण से बच्चों की सुरक्षा करना शामिल है।इस अवसर पर डॉ. राजाराम षडंगी, सुनीता त्रिपाठी, संजय महापात्र, विकास महांती सहित बड़ी संख्या में सरपंच एवं स्वयंसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया।
हिमांशु शेखर प्रहराज
राज्य संवाददाता, ओडिशा