दुद्धी (सोनभद्र)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में मरीजों को समुचित इलाज, चिकित्सकों की उपलब्धता और आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर दुद्धी बार संघ के अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बार संघ अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने किया।
तहसील दिवस में पहुंचे सीएमओ को अधिवक्ताओं ने सीएचसी की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं से अवगत कराया। अधिवक्ताओं ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी, बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड सेवा तथा गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किए जाने जैसी समस्याओं से क्षेत्र के गरीब, आदिवासी और ग्रामीण मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिवक्ताओं ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद गंभीर बीमारियों के मरीजों को यहां अपेक्षित उपचार नहीं मिल पा रहा है। अधिकांश मामलों में मरीजों को जिला अस्पताल भेज दिया जाता है, जिससे दूरदराज के गांवों से आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।
सीएमओ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सीएचसी दुद्धी में शीघ्र तीन नए चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से बंद अल्ट्रासाउंड सेवा को रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के बाद सोमवार से शुरू कराने की तैयारी है। साथ ही डॉ. शाह आलम को सप्ताह में तीन दिन अस्पताल में ओपीडी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर मरीजों को बेहतर उपचार और दवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात भी कही तथा चिकित्सकों को निष्ठापूर्वक कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कहीं ।
बता दे की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होने के बाद भी गंभीर बीमारियों का इलाज यहां संभव नहीं होता है। डॉक्टर यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को सीधे जिला अस्पताल रेफर कर देते हैं ।डॉक्टर कोई यहां पर रिस्क नहीं लेना चाहते हैं और न ही बेहतर इलाज करना चाहते हैं केवल खाना पूर्ति करके मरीज को जिला अस्पताल रेफर कर देते हैं जो चिंता का विषय है।