बारीपदा, 3 अक्टूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बारीपदा स्थित संपर्क चौक में संपर्क परिवार की ओर से स्मृति एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संपर्क परिवार के अध्यक्ष संजीव राउत एवं सचिव चित्तरंजन दास की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ बुद्धिजीवी, स्थानीय नागरिक तथा छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं शांति के संदेश को स्मरण किया। छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर 122 दीप प्रज्वलित किए और दोनों महान नेताओं के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
संपर्क परिवार के सदस्यों ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर आयोजन के सफल संचालन में सहयोग किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज में शांति, सद्भाव और एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।