बारीपदा, 3 अक्टूबर: राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर बारीपदा के नियमित रक्तदाता डॉ. नीरोज कुमार पोथाल को कटक में सम्मानित किया गया। एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर स्थित हेरिटेज हॉल में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। एससीबी के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग एवं ब्लड बैंक की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से आए नियमित रक्तदाताओं को उनके उत्कृष्ट एवं निस्वार्थ सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मयूरभंज जिले के बारीपदा निवासी नियमित रक्तदाता डॉ. नीरोज कुमार पोथाल को लंबे समय से रक्तदान एवं मानवसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार, डॉ. पोथाल अब तक 141 बार रक्तदान कर चुके हैं। नियमित रक्तदान के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त एवं प्लेटलेट्स की व्यवस्था करने में भी वे लगातार सहयोग करते आ रहे हैं। उनकी यह सेवा मानवता के प्रति समर्पण का उदाहरण बनी हुई है।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता एससीबी ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की प्रमुख प्रोफेसर डॉ. स्मिता महापात्र ने की। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. प्रतिभा पंडा, अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. ज्योतिष चंद्र चौधरी तथा एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुस्मिता बेहरा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नियमित रक्तदाताओं की निस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान के माध्यम से अनेक अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. नीरोज कुमार पोथाल ने एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, ब्लड बैंक के सभी अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. नीरोज कुमार पोथाल को मिले इस सम्मान से बारीपदा सहित पूरे मयूरभंज जिले में खुशी का माहौल है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।