दुद्धी (सोनभद्र)। शनिवार को दुद्धी तहसील में आए जिलाधिकारी चर्चित गोड़ ने तहसील दिवस के बाद निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए 15 दिसंबर तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रमिकों और मिस्त्रियों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की थर्ड पार्टी जांच कराने के आदेश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी, लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद डीएम पूर्व माध्यमिक विद्यालय झारोकला पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इस मौके पर संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।