रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद।
सनौद पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने एक मामले में चोरी गए करीब 28 ग्राम सोने के जेवर, कीमत 2,79,450 रुपये, बरामद किए हैं। वहीं दूसरे मामले में ग्राहकों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक का इस्तेमाल कर एक ही व्यक्ति के नाम पर कई सिम एक्टिवेट करने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्राकांत गवर्णा के निर्देशन तथा एसडीओपी गुरूर श्रीमती माया शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
घर से चोरी हुए सोने के जेवर बरामद
पहले मामले में ग्राम अरकार निवासी ज्योति साहू ने 9 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर सोने का गुलबंद, झुमका और टॉप्स चोरी कर ले गया। मामले में अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान रामअवतार सिंह (37), निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश, वर्तमान पता शारदा पारा वैकुण्ठ धाम कैंप-2 भिलाई के रूप में की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अरकार में चोरी की घटना स्वीकार की और उसके पास से 13 ग्राम का सोने का गुलबंद, 10 ग्राम की एक जोड़ी सोने की झुमका तथा 5 ग्राम की एक जोड़ी सोने की टॉप्स, कुल 28 ग्राम, बरामद किए गए। पुलिस ने इनकी कुल कीमत 2,79,450 रुपये बताई है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
ग्राहक के आधार और बायोमेट्रिक से चार सिम एक्टिवेट करने का आरोप
दूसरे मामले में ग्राम भरदाखुर्द निवासी जीवन लाल निषाद की शिकायत पर थाना सनौद में अपराध क्रमांक 47/2025 के तहत धोखाधड़ी एवं दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार एयरटेल का सिम नंबर दूसरे नेटवर्क में पोर्ट कराने के लिए दिए गए आधार कार्ड और लाइव फोटो का इस्तेमाल करते हुए बायोमेट्रिक मशीन से अंगूठे का निशान लिया गया और शिकायतकर्ता के नाम पर कथित रूप से चार अलग-अलग सिम नंबर एक्टिवेट किए गए।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान रोशन लाल देवांगन (29), निवासी डिपरापारा वार्ड नंबर 39, दुर्ग के रूप में की। पुलिस के अनुसार आरोपी एयरटेल में वर्ष 2023 और वोडाफोन आइडिया में वर्ष 2024 में एजेंट के रूप में कार्य कर रहा था। पूछताछ में ग्राहकों के फिंगरप्रिंट और आधार कार्ड लेकर एक ही ग्राहक के नाम पर चार सिम एक्टिवेट करने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मामले में विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनसिंह सोरी, सउनि नंद कुमार साहू, प्रआर हिरदेराम कोलियारा, आरक्षक दमन वर्मा, टिकेन्द्र कुमार सोरी, गौकरण यादव, गोविन्द साहू तथा साइबर सेल प्रभारी सउनि धरम भुआर्य, प्रआर रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक मिथलेष यादव और पूरन देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।