ओवरलोडिंग वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, आठ वाहन सीज; दो अवैध एंबुलेंस भी पकड़ीं
बदायूं। शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे आठ वाहनों को सीज कर विधिक कार्रवाई की गई, जबकि तीन अन्य वाहनों के चालान किए गए। इसके *अलावा राजस्थान नंबर की दो अनरजिस्टर्ड एंबुलेंस को भी सीज कर उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में खड़ा कराया गया।
परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाली 10 बसों के चालान किए गए। इनमें एक बस को परिवहन कार्यालय में सीज किया गया। विभाग के अनुसार सीज वाहनों से करीब छह लाख रुपये प्रशमन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी/प्रवर्तन अधिकारी हरिओम ने बताया कि ओवरलोडिंग, अनधिकृत संचालन और अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से निर्धारित परमिट, फिटनेस, पंजीयन समेत सभी वैधानिक दस्तावेज पूरे रखने और वाहनों का संचालन नियमों के अनुरूप करने की अपील की।
*राष्ट्रीय जजमेंट | अभय महेश्वरी*
