दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दुद्धी-आश्रम रोड पर मंगलवार सुबह करीब 8 बजे झारोकला गांव के पास स्कूल जा रहे चार बच्चों को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें चारों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी दुद्धी से प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कटौंधी गांव के रहने वाले चार बच्चे विजय (9) कक्षा 6, अजय कुमार (13) कक्षा 6, सीमा (15)कक्षा 8 और सीता (16), कक्षा 10 सुबह अपने गांव से झारोकला स्थित सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय पढ़ने जा रहे थे। विद्यालय से महज एक किलोमीटर पहले दुद्धी-आश्रम रोड पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में विजय पुत्र रंजन कुशवाहा का दाहिना पैर और बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि छोटे भाई अजय कुमार को गंभीर चोटें आईं। सीता पुत्री संगोष के दाहिने पैर में सूजन और दोनों पैरों में चोटें हैं, वहीं सीमा पुत्री अशोक के हाथ और पैर में गंभीर चोटें हैं।वहीं बाइक सवार अनुराग धीरकार (14) पुत्र शर्मा धीरकार निवासी कनियागुटरा झारोकला को भी हल्की चोटें आई हैं।
हादसे के ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया। जहां सीएचसी में तैनात डॉ. मुस्कान ने प्राथमिक उपचार करने के बाद चारों छात्रों की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है ।
