दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने यूपीआई के जरिए हुई साइबर ठगी की 9400 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी है। ग्राम बीड़र निवासी रुद्र प्रताप पुत्र उमाकान्त के बैंक खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने 14400 रुपये की ठगी की थी। पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई। एसपी साइबर ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह व साइबर हेल्प डेस्क टीम ने शिकायत मिलते ही आवश्यक साक्ष्य जुटाए। कार्रवाई के दौरान 9400 रुपये होल्ड कराए गए और एमआरएम पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक से पत्राचार कर राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की प्रशंसा की। साइबर हेल्प डेस्क में कांस्टेबल मन्तोष और महिला कांस्टेबल साक्षी सिंह शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार ,साइबर ठगी की सूचना मिलते ही तुरंत डायल1930 पर सूचना दें या नजदीकी थाना/साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराएं।