‘विकसित भारत संकल्प सेवा’ चौक पर सेवा ज्योति का हुआ लोकार्पण, राधामोहन सिंह ने कहा—सेवा, सुशासन और पारदर्शिता के नए युग का प्रतीक बनेगा चौक
माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यकाल की स्मृति में मोतिहारी में निर्मित ‘विकसित भारत संकल्प सेवा’ चौक पर आज ‘सेवा ज्योति’ का लोकार्पण पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद श्री राधामोहन सिंह ने किया।
इस अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, पूर्व मंत्री सह विधायक राणा रणधीर सिंह, विधायक प्रमोद कुमार, विधायक कृष्णनंदन पासवान, विधायक श्यामबाबू यादव, विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह, विधायक लालबाबु गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, रक्सौल जिलाध्यक्ष अशोक पाण्डेय, ढाका जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुनील मणि तिवारी, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जिलेवासी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प सेवा’ चौक केवल एक स्मारक या चौक नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, पारदर्शिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का जीवंत प्रतीक है। यह चौक प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा और उनके नेतृत्व में देश में आए व्यापक परिवर्तन की स्मृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने शासन की कार्यसंस्कृति को ‘सत्ता से सेवा’ की ओर परिवर्तित किया है। बिचौलियों और भ्रष्टाचार की भूमिका को समाप्त करते हुए डिजिटल माध्यमों तथा प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के जरिए सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने का काम हुआ है। पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था को गांव-गांव और गरीब से गरीब व्यक्ति तक पहुंचाना ही नए भारत की पहचान बन रही है।
श्री सिंह ने कहा कि यह चौक प्रत्येक नागरिक को अपने नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी का स्मरण कराएगा। आत्मनिर्भरता को अपनाना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-आंदोलन बनाना और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि आज उठाए जा रहे कदम और धरातल पर उतारी जा रही विकास योजनाएं ही आने वाले भारत की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं। सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी के माध्यम से भारत को दुनिया का सबसे सशक्त, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से साकार होगा।
सांसद ने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प सेवा’ चौक आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, समृद्ध और गौरवशाली भविष्य का प्रतीक बनेगा तथा मोतिहारी की धरती से विकसित भारत के संकल्प को निरंतर मजबूती प्रदान करेगा।
रिपोर्ट,अमरजीत सिंह