सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जल जीवन मिशन “हर घर जल”के अंतर्गत क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों के कारण प्रभावित पेयजल आपूर्ति को शीघ्र बहाल कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर क्षति का वास्तविक सत्यापन करने और पांच दिन में तथ्यात्मक आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों एवं आवश्यक मरम्मत कार्य का आकलन करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत तथा पुनर्स्थापना कार्य शुरू कराया जाए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन डिवीजन सहित अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को शुद्ध एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएगी।