बारीपदा, 11 अक्टूबर: ओड़िया टेलीविजन और फिल्म जगत में अपने अभिनय कौशल के दम पर विशेष पहचान बनाने वाली मयूरभंज की बेटी एवं अभिनेत्री स्पर्श मितांजलि सरघरिया को रोटरी क्लब ऑफ बारीपदा हेरिटेज की ओर से सम्मानित किया गया। उनकी कलात्मक प्रतिभा, अभिनय क्षमता तथा ओड़िया कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान को मान्यता देते हुए क्लब ने उन्हें प्रतिभा सम्मान पत्र प्रदान किया।
मितांजलि का जन्म 2 मार्च 1999 को मयूरभंज जिले के खुंटा ब्लॉक अंतर्गत सिमिलिपाल के निकट ताड़की गांव में हुआ था। वह दिलीप कुमार सरघरिया और सुकांति सरघरिया की पुत्री हैं। ग्रामीण क्षेत्र में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने भुवनेश्वर स्थित रमादेवी महिला विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और अपनी प्रतिभा से दर्शकों के बीच पहचान बनाई।वर्ष 2017 में लोकप्रिय ओड़िया टेलीविजन धारावाहिक ‘नुआ बोहू’ में मुख्य महिला किरदार ‘राधिका’ की भूमिका निभाकर वह घर-घर में लोकप्रिय हो गईं। इसके बाद उन्होंने ‘तु कहिबु ना मुं’, ‘शक्ति’ जैसे धारावाहिकों में अभिनय किया। इसके अलावा ‘बापा आईसीयू रे अछंति’, ‘शाशू नुहें से सुनामी झड़’ और ‘क्वाईं पुअर जीवन बीमा’ जैसे टेलीफिल्मों में भी अपने अभिनय से दर्शकों की प्रशंसा हासिल की।टेलीविजन धारावाहिकों के साथ-साथ उन्होंने ‘आई लव यू-2’ और ‘सिंहासन’ जैसी फिल्मों में भी अपने अभिनय कौशल का प्रदर्शन किया है।स्पर्श मितांजलि ने अभिनय के अलावा विभिन्न रियलिटी शो में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने ‘डांस ओडिशा डांस’, ‘रज राजकुमारी’ सीजन-1, ‘जोड़ी नंबर-1’ सीजन-2 और ‘किचन हंगामा’ सीजन-2 जैसे कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी लोकप्रियता को और बढ़ाया।सम्मान पत्र में उल्लेख किया गया है कि धारावाहिक ‘नुआ बोहू’ में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के रूप में राज्यस्तरीय पुरस्कार के साथ-साथ उन्होंने तीन ‘तरंग परिवार अवॉर्ड’ भी प्राप्त किए हैं।स्पर्श मितांजलि की यह उपलब्धि मयूरभंज जिले के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उनकी प्रतिभा तथा कला के क्षेत्र में योगदान को सम्मान देते हुए रोटरी क्लब ऑफ बारीपदा हेरिटेज ने उन्हें सम्मानित किया। क्लब की ओर से जारी प्रतिभा सम्मान पत्र में उनके अभिनय सफर और उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।