सहारनपुर
सहारनपुर महानगर रामलीला कमेटी रजि०, रामलीला भवन चिलकाना रोड सहारनपुर में रामलीला कमेटी रजि० के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न की बारात बड़ी धूमधाम से निकाली गई।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान की बारात में सबसे आगे प्रभु राम जी का ध्वज, रणसिंघे, रामलीला कमेटी रजि० का बैनर, गणेश जी महाराज की बहुत सुंदर, मनमोहक और आकर्षक रेहड़ी पर सवार होकर चल रहे थे। घोड़ों पर सवार अयोध्या के सैनिक बराती बनकर चल रहे थे। बारात में बाहर से आए हुए प्रसिद्ध एवं सहारनपुर के जाने-माने दस बैंड धार्मिक भजनों की सुंदर धुन बजा रहे थे। इन भजनों की धुन में मस्त होकर बारात में शामिल भक्तजन नाचने लगे।
बारात में 20 झांकियां आकर्षक और मनमोहक लग रही थीं। भरत, शत्रुघ्न जयपुर से आए हाथी पर सवार होकर चल रहे थे। महाराज दशरथ रथ पर सवार होकर चल रहे थे। राम जी की माताएं एवं अयोध्या की महारानियां रथ पर सवार होकर चल रही थीं। नासिक ढोल पार्टी एवं मेरठ की जयकिशोर शहनाई अपनी छटा बिखेरते हुए भजनों की मधुर ध्वनि में भजन बजा रहे थे।
बारात का मुख्य आकर्षण उज्जैन वाले बाबा महाकाल, बाबा मनकेश्वर, हरसिद्धि माता, उज्जैन वाले कालभैरव बाबा की पूरी टीम रही, जिसको देखने के लिए भक्तजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई उज्जैन वाले बाबा की पालकी को कंधे पर लेने की कोशिश करने लगा।
राम, लक्ष्मण गुरु विश्वामित्र के साथ सबसे पीछे रथ में सवार होकर चल रहे थे। राम, लक्ष्मण, गुरु विश्वामित्र के रथ के सारथी विनोद वर्मा सर्राफ को बनने का अति सुंदर सौभाग्य प्राप्त हुआ। उज्जैन वाले बाबा महाकाल के हाथी पर वैदिक विद्वान आचार्य किरण जी महाराज भी बाबा के साथ सवार थे। उज्जैन वाले बाबा महाकाल का सारथी दीपक सैनी को बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
राम जी की बारात रामलीला भवन चिलकाना रोड सहारनपुर से चलकर रामलीला चौक, भगत सिंह चौक, मोरगंज बाजार, चौक फव्वारा, नया बाजार, सर्राफा बाजार, हलवाई हट्टा में पहुंची। यहां मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न जी की सेवल आरती के पश्चात बारात भगवती सीता माता को साथ लेकर दीनानाथ बाजार, बड़तला यादगार होते हुए पुनः रामलीला चौक के रास्ते रामलीला भवन पहुंची।
रामलीला कमेटी रजि० की बारात में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय गर्ग ने नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर राम जी की बारात का शुभारंभ किया।
राम जी की बारात में कमेटी के प्रधान विनय जिंदल, मंत्री आलोक अग्रवाल, मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग, उत्सव संचालक सचिन गोयल, कोषाध्यक्ष सौरभ मित्तल, सह उत्सव संचालक कपिल कंसल, अनिल गर्ग, रंगमंच निर्देशक नीरज गर्ग, अमित गर्ग, वरिष्ठ उपप्रधान चौधरी मांईदयाल मित्तल, पवन गोयल, वरिष्ठ उपमंत्री अमित सिंघल, कार्यालय सचिव मनोज गुप्ता, मुकेश सिंघल, हितेश गर्ग, संजय करणवाल, विश्वनाथ गोयल, मनुज तायल, अनुज तायल, अनिल अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, विभोर जिंदल, कमल चौरसिया, नवीन माहेश्वरी, अनिल चौहान, सन्नी प्रधान, नवीन गुप्ता (बाबी), मोहित शर्मा, संजीव शर्मा के साथ रामलीला कमेटी रजि० के अधिकारी, पदाधिकारी एवं सदस्यगण सहित बहुत भारी संख्या में भक्तजनों ने शामिल होकर भगवान राम का चमत्कारिक आशीर्वाद प्राप्त किया।
राम बारात का संचालन अति सुंदर तरीके से रामलीला कमेटी रजि० के अधिकारियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ सहारनपुर पुलिस प्रशासन, नगर कोतवाली एवं थाना मंडी के थानाध्यक्षों और उनके सहयोगी सदस्यों के सहयोग से संपन्न हुआ।
रमेश सैनी, सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़