10 नवंबर से सदस्यता प्रक्रिया, 24 नवंबर को घोषित होगी निर्वाचन की तिथि
झांसी। पत्रकारिता की गरिमा, संगठनात्मक एकजुटता और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को पत्रकार भवन में झांसी मीडिया क्लब की बैठक आयोजित की गई। क्लब अध्यक्ष मुकेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं महामंत्री के रिक्त पदों पर निर्वाचन कराने को लेकर सहमति बनी। साथ ही सदस्यता प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए नवंबर माह में सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 10 नवंबर से सदस्यता अभियान शुरू होगा। 11 से 15 नवंबर तक सदस्यता फार्मों की जांच की जाएगी। 18 नवंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची जारी होगी तथा 19 नवंबर को सदस्यता एवं मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 20 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। वहीं, 24 नवंबर को होने वाली अगली बैठक में निर्वाचन की तिथि घोषित की जाएगी।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और वरिष्ठ पत्रकारों के मार्गदर्शन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया की जिलाध्यक्ष सोनिया पांडे को सर्वसम्मति से संरक्षक मंडल में शामिल करने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने पत्रकारों के हितों की रक्षा, आपसी सहयोग और संगठन की एकता बनाए रखने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की एकजुटता, अनुशासन और पारस्परिक विश्वास पर निर्भर करती है। सभी सदस्यों ने झांसी मीडिया क्लब को अधिक सक्रिय, सशक्त और संगठित बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।