सोनभद्र। कनहर सिंचाई परियोजना के पूरा होने पर दुद्धी और चोपन ब्लॉक के 108 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत 35,467 हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई का लक्ष्य है। प्रशासन ने निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने और जनवरी 2027 से किसानों को पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।
परियोजना की 57.10 किलोमीटर लंबी मुख्य नहर में 50.40 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो चुका है। 47.75 किलोमीटर लंबी शाखा नहरों में भी करीब 18 किलोमीटर का काम पूरा होने की जानकारी दी गई है। शेष कार्यों में तेजी लाने के साथ परियोजना को समय पर पूरा करने की तैयारी चल रही है।
कनहर बांध में जल भंडारण का लक्ष्य 265.552 मीटर बताया गया है। दिए गए विवरण के अनुसार, बांध का जलस्तर 264 मीटर तक पहुंच गया है। परियोजना पूरी होने से किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र की पेयजल जरूरतों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।