जेई हर माह उद्योगपतियों से करेंगे संवाद, समस्याओं के समाधान के लिए होगा पेनफुल प्वाइंट का सर्वे
झांसी, 12 अक्टूबर 2026। जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनबाड की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उद्योगों से जुड़ी बिजली समस्याओं पर चर्चा की।
सीडीओ ने कहा कि प्रदेश की जीडीपी में बुंदेलखंड के उद्योगों का महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे उत्पादन और राजस्व में वृद्धि हो सके। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्याग्रस्त बिंदुओं का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा संवेदनशीलता के साथ तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।
बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष धीरज खुल्लर ने औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की समस्याएं उठाते हुए ओवरलोडिंग दूर करने, नए ट्रांसफार्मर लगाने, विद्युत लाइनों में सुधार, क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों की समय पर मरम्मत तथा लाइनों के आसपास झाड़ियों की सफाई कराने पर जोर दिया।
मुख्य अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्रों के जेई प्रत्येक माह उद्योगपतियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनें और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में भगवंतपुरा स्थित कोल्ड स्टोरेज संचालक पवन जैन ने बिजली की ट्रिपिंग और अधिकारियों के फोन रिसीव न होने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि उनका प्रतिष्ठान प्रतिमाह लगभग 70 लाख रुपये का बिजली बिल जमा करता है। वहीं, स्टोन क्रेशर प्रतिनिधि राजीव मेहता ने बताया कि जनपद के करीब 90 स्टोन क्रेशर से प्रतिमाह लगभग एक करोड़ रुपये का राजस्व जमा होता है। उन्होंने खदानों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को दुर्घटनाओं की आशंका के मद्देनजर शिफ्ट कराने की मांग की।
बैठक में अन्य उद्यमियों ने भी विद्युत आपूर्ति में सुधार और समस्याओं के समयबद्ध समाधान के सुझाव दिए। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अफरोज आलम, अधीक्षण अभियंता नगरीय पुष्कर सिंह, अधिशासी अभियंता विवेक कुमार, रवींद्र कुमार सहित चैंबर के पदाधिकारी एवं विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।