Jiपटना। पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो देशी कट्टे, तीन कारतूस, पांच मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि कदमकुआं थाना क्षेत्र के पटना कॉलेज परिसर में कुछ व्यक्ति किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद कदमकुआं थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पटना कॉलेज परिसर में छापेमारी की, जहां से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर फतुहा थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से एक अन्य देशी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान अभियुक्त शुभम कुमार ने एसटीएफ पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, घायल अभियुक्त के खिलाफ 10 से 12 आपराधिक मामलों में संलिप्तता अथवा आपराधिक इतिहास की जानकारी मिली है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूरे प्रकरण और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में पटना ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक कोमल मीणा ने जानकारी दी।