शामली।* जनपद में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सदर कोतवाली क्षेत्र के सबसे व्यस्त बाजार गांधी चौक में चोरी की बड़ी वारदात से हड़कंप मच गया है। यहां गोरखनाथ मंदिर के पास स्थित प्रसिद्ध *उमा ज्वेलर्स* की दुकान को निशाना बनाते हुए चोर छत काटकर अंदर घुस गए और करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि दुकान संचालक दीपक रोज की तरह मंगलवार शाम को दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था और छत में बड़ा छेद बना हुआ था। तिजोरी में रखे सभी कीमती आभूषण गायब थे।
घटना की जानकारी मिलते ही बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस देर से मौके पर पहुंची।
*व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल*
इस सनसनीखेज वारदात के बाद सर्राफा बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों का खुलासा करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरी गए माल की सही कीमत का आकलन किया जा रहा है।
जिला प्रभारी तल्हा मिर्ज़ा
शामली