दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज वन रेंज के अंतर्गत घिवही गांव में बुधवार को वन विभाग ने अवैध बालू परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। ट्रॉली में लगभग एक घन मीटर बालू लदा होने की बात सामने आई है।
विभाग की ओर से बताया गया कि अवैध बालू परिवहन के मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 (यथासंशोधित 2000) की धारा 41/42 एवं 69 के तहत अपराध पंजीकृत किया गया है। घिवही निवासी नंदलाल कुशवाहा पुत्र शिवधारी के विरुद्ध मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
विंढमगंज वन रेंज के रेंजर रत्नेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई विंढमगंज बीट के ग्राम घिवही में की गई। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और नियमों के पालन को सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
रेंजर ने कहा कि अवैध बालू परिवहन के खिलाफ विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। इस तरह की कार्रवाई से वन क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने का संदेश भी जाएगा।