खुर्जा। श्री रामलीला कमेटी (रजि.) खुर्जा के तत्वावधान में जंक्शन रोड स्थित श्री रामलीला मैदान में चल रहे भव्य ‘श्री रामलीला महोत्सव-2026’ में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और मर्यादा का अनूठा संगम देखने को मिला। मंचन के दौरान प्रभु श्री राम के दिव्य प्रसंगों ने उपस्थित समस्त श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। महोत्सव के सत्र में कलाकारों ने कई प्रमुख प्रसंगों का अत्यंत सजीव व मनोहारी प्रदर्शन किया: माता शबरी की भक्ति: जब प्रभु श्री राम ने माता शबरी के प्रेमपूर्ण और पावन जूठे बेर श्रद्धा के साथ स्वीकार किए, तो पूरा प्रांगण ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा।
राम-सुग्रीव मित्रता: अग्नि को साक्षी मानकर प्रभु श्री राम और वानर राज सुग्रीव के बीच हुई मित्रता ने उपस्थित जनसमूह को सच्चे मित्र-धर्म का गहरा संदेश दिया। बाली वध व राजतिलक: इसके पश्चात बाली और सुग्रीव के बीच घमासान द्वंद्व युद्ध, अधर्म के नाश स्वरूप भगवान श्रीराम द्वारा बाली वध और अंत में नीतिवान सुग्रीव के राजतिलक के दृश्यों ने दर्शकों को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के प्रधान आशीष गोयल, महामंत्री पुनीत साहनी (विक्की), कोषाध्यक्ष सचिन बंसल और जनरल मैनेजर दीपक गर्ग (पूर्व चेयरमैन) सहित समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यकारिणी सदस्य अजय शर्मा, भारत भूषण शर्मा, संजय भगत जी, विकास गोयल, मंत्री सचित गोविल, रवि अग्रवाल, डी सी गुप्ता कांटे वाले, राजू रसिक, लीला इंचार्ज संदीप मित्तल, मैनेजर डॉ. सुधांशु दत्त शर्मा, उमाशंकर अग्रवाल बिन्दा वाले, शुभम गुप्ता, पवन गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। प्रिंट मीडिया प्रभारी रविकांत भारद्वाज, सोशल मीडिया प्रभारी विनीत आर्य और सुरक्षा व्यवस्था में ‘एसबी क्लासिक सीसीटीवी सिक्योरिटी’ (SB Classic CCTV Security) की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। लीला के अंत में प्रभु श्री राम की भव्य महाआरती की गई, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।