सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने पर जोर
बारीपदा, 16 अक्टूबर: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और अनमोल जिंदगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर मयूरभंज जिले के शूलियापदा ब्लॉक अंतर्गत बड़ा देउली में मुफ्त हेलमेट वितरण एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ओडिशा सरकार के आवास एवं शहरी विकास तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग के मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
मंत्री डॉ. महापात्र ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने तथा मृत्यु की आशंका को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
इस कार्यक्रम में मयूरभंज के जिलाधिकारी हेमकांत साय, पुलिस अधीक्षक बरुण गुंटुपल्ली, बारीपदा की उपजिलाधिकारी कस्तूरी पंडा, शूलियापदा के बीडीओ लक्ष्मी सागर माझी तथा तहसीलदार नारान हांसदा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सड़क से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों को मुफ्त हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही हेलमेट के नियमित इस्तेमाल, यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने आम जनता से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने की अपील की।
पूरे कार्यक्रम का प्रत्यक्ष समन्वय बारीपदा के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रशांत कुमार परिड़ा ने किया। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, बारीपदा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।