बालोद में दुर्गोत्सव और दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, समितियों को दिए दिशा-निर्देश
बालोद, 16 अक्टूबर 2026। दुर्गोत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं बालोद पुलिस ने दुर्गोत्सव और दशहरा समितियों के पदाधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में प्रतिमा एवं ज्योति कलश विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात सुचारू रखने और पर्व के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा की गई।
बैठक में समितियों को निर्धारित व्यवस्था का पालन करने और विसर्जन के दौरान आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही दशहरा पर्व के आयोजन में प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार वैद्य, अपर कलेक्टर हरिवंश मीरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना, एसडीएम बालोद नूतन कंवर, एसडीओपी बालोद विनय कुमार और तहसीलदार बालोद संध्या नामदेव उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, उपाध्यक्ष कमलेश सोनी तथा दुर्गोत्सव एवं दशहरा समितियों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
जिला प्रशासन एवं बालोद पुलिस ने समितियों और आम नागरिकों से पर्व को आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने, विसर्जन के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।


