झाँसी। स्वच्छ एवं सुंदर झाँसी के निर्माण और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से नगर निगम झाँसी एवं स्मार्ट सिटी की पहल पर राजगढ़ में विकसित सेल्फी पॉइंट का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने मुख्य अतिथि के रूप में इसका उद्घाटन किया। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त अन्ना सूदन, झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। औद्योगिक वेस्ट के रचनात्मक पुनः उपयोग से तैयार किए गए इस सेल्फी पॉइंट को पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में एक पहल बताया गया।
मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सामाजिक संगठनों और औद्योगिक संस्थानों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ऐसी पहलों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
नगर आयुक्त अन्ना सूदन ने कहा कि नगर निगम शहर की स्वच्छता और जनहित से जुड़ी सकारात्मक पहलों को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने सामाजिक संगठनों एवं औद्योगिक संस्थानों से नए विचारों और प्रस्तावों के साथ आगे आने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे प्रस्तावों पर विचार कर शहर की स्वच्छता और सामाजिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष धीरज खुल्लर ने सेल्फी पॉइंट की परिकल्पना और उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने नगर निगम, स्मार्ट सिटी प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग से साकार हुई यह पहल स्वच्छ एवं सुंदर झाँसी के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देगी।
कार्यक्रम का संचालन चैंबर के संयुक्त सचिव अमित सिंह ने किया। इस अवसर पर महासचिव पवन सरावगी, लखनलाल गुप्ता, संजय राय, अतुल किलपन, राजू परवार, सुशील परेछा, राजीव मेहता तथा पिताम्बरा बुक्स के विवेक बंसल सहित चैंबर के अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। नगर निगम की ओर से नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राघवेंद्र तथा स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
चैंबर ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों और औद्योगिक संस्थानों से स्वच्छ झाँसी, सुंदर झाँसी और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।