बोकारो: दिनदहाड़े लाखों लूटकर दो अपराधी फरार
बोकारो में एक बाइक पर दो सवारों ने दिनदहाड़े एक प्राइवेट कंपनी के एक कर्मी से लाखों रुपये छीनकर फरार हो गए। पुलिस घटना के बाद CCTVCamera आदि के सहारे अपराधियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है ।
माराफारी थाना क्षेत्र में बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास 17 अक्टूबर को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने हीटाची कंपनी के एक कर्मी से 21.40 लाख रुपये लूट लिये। यह कर्मी नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से नगद लेकर कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित कंपनी के एटीएम में रुपया जमा करने जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार हीटाची कंपनी के कर्मी विजय कुमार नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर निकले थे। उन्हें यह रकम कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित ATM में डालनी थी। इसी दौरान बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि अपराधियों ने उनके साथ गाली-गलौज और हाथापाई भी की। इसके बाद उनके पास मौजूद पूरी रकम लूटकर फरार हो गये।
पीड़ित बैंक कर्मी विजय कुमार के अनुसार लगातार दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण इस बार सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रकम निकाली गयी थी। इसी राशि को दोनों एटीएम में जमा करना था।
घटना के बाद मुख्यालय DSP पवन कुमार और माराफारी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर अपराधियों को तलाश रहे हैं।