सकीट (एटा)। सकीट ब्लॉक के भरतौली स्थित दयानंद इंटर कॉलेज के छात्र प्रशांत कुमार ने मंडलीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। अलीगढ़ में आयोजित अंडर-19 बालक वर्ग की ऊंची कूद स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर उन्होंने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
डीएवी इंटर कॉलेज, अलीगढ़ के खेल मैदान पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रशांत ने 1.65 मीटर की ऊंचाई पार कर यह उपलब्धि हासिल की। मुकाबले में उन्होंने एटा, अलीगढ़, हाथरस और कासगंज जिलों से आए कई खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए बाजी मारी।
प्रशांत की सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय पहुंचने पर उनका स्वागत कर सम्मानित किया गया। कॉलेज प्रबंधक सौरभ दीक्षित और प्रधानाचार्य आशुतोष ने इस उपलब्धि को पूरे सकीट ब्लॉक के लिए गौरवपूर्ण बताया।
इस अवसर पर शिक्षक शिवकुमार द्विवेदी, क्रीड़ा प्रभारी अनिल कुमार, मोहनलाल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने प्रशांत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।