बरेली
बरेली के जिला अस्पताल में इलाज के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को चकमा देकर बुर्का पहनकर फरार हुई 25 हजार रुपये की इनामी बंदी ममता को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब डेढ़ महीने से फरार चल रही ममता को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को डमरू चौराहे के पास से दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला शहर छोड़कर भागने की फिराक में थी और वाहन का इंतजार कर रही थी। पूछताछ में उसने अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर फरारी की साजिश रचने की बात स्वीकार की है।इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मुंडिया अहमद नगर निवासी ममता फरीदपुर थाने में दर्ज एक मुकदमे में जेल में बंद थी। बीमारी के चलते उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी सुरक्षा और निगरानी के लिए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। दो सितंबर की शाम करीब 6:35 बजे ममता नहाने की बात कहकर बाथरूम में गई। महिला पुलिसकर्मी बाहर खड़ी होकर उसका इंतजार करने लगीं। इसी बीच बुर्का पहने एक महिला बाथरूम से बाहर निकली और अस्पताल से चली गई। पुलिसकर्मी उसे पहचान नहीं सकीं और दूसरी महिला समझकर जाने दिया। काफी देर तक ममता के बाहर नहीं आने पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। बाथरूम में जाकर देखा तो ममता गायब थी। इसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया।पुलिस के अनुसार, घटना के समय ममता के दोनों बेटे केशव और विशाल भी उससे मिलने जिला अस्पताल पहुंचे थे। ममता के गायब होने के बाद दोनों बेटे भी अस्पताल से चले गए थे। इससे पुलिस को फरारी में उनकी भूमिका पर संदेह हुआ। मामले में ममता और उसके दोनों बेटों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में ममता ने पुलिस को बताया कि जेल में रहने के डर से उसने अपने बेटों के साथ भागने की योजना बनाई थी। आरोप है कि बेटा केशव उसके लिए बुर्का लेकर आया था। उसी बुर्के को पहनकर वह अस्पताल से बाहर निकल गई और पुलिसकर्मियों को भनक तक नहीं लगी।जिला अस्पताल से फरार होने के बाद ममता लगातार ठिकाने बदलकर छिपती रही। पुलिस ने उसकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। शनिवार को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ममता डमरू चौराहे के पास मौजूद है और शहर से बाहर जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।वही पुलिस का कहना है कि ममता को न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरारी में उसके दोनों बेटों केशव और विशाल की भूमिका की जांच जारी है।
रिपोर्ट:शुऐब खान ब्यूरो चीफ बरेली डिवीज़न











Leave a Reply