प्रीतम यादव ब्यूरो चीफ कबीरधाम छत्तीसगढ़- ITN National News.
कवर्धा
कबीरधाम में हर साल नवरात्र की महाअष्टमी की मध्य रात्रि को खप्पर यात्रा निकाली जाती है. इस साल भी भारी सुरक्षा के बीच धूमधाम से खप्पर यात्रा निकाली गई. देर रात निकाली गई खप्पर यात्रा में हजारों भक्त शामिल हुए. स्थानीय लोगों ने बताया कि पीढ़ियों से ये खप्पर यात्रा धार्मिक सदभाव के साथ निकाली जाती रही है, जिसका निर्वहन आज भी उसी उत्साह के साथ किया जा रहा है. सोमवार देर रात निकाली गई खप्पर यात्रा में शामिल भक्तों ने देवी स्वरूप खप्पर के दर्शन कर अपने जीवन में खुशहाली की कामना की. खप्पर यात्रा के दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी.
आधी रात को निकली खप्पर यात्रा
नगर के चंडी मंदिर, दंतेश्वरी मंदिर और परमेश्वरी मंदिर से मध्यरात्रि को खप्पर यात्रा निकाली गई. तीनों मंदिरों से निकली खप्पर यात्रा अपने तय रास्तों से होकर नगर भ्रमण करते हुए निकली. भक्तों ने बताया कि खप्पर यात्रा देवांगनपारा, गुरु घासीदास मंदिर, ठाकुरपारा, एकता चौक, सिग्नल चौक, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, राजमहल चौक और गुप्ता पारा सहित विभिन्न मार्गों से गुजरी. जिन-जन मार्गों से खप्पर यात्रा निकली उन-उन मार्गों पर बड़ी संख्या में भक्त पहले मां का आशीर्वाद लेने के लिए खड़े थे.
ड्रोन से हुई यात्रा की निगरानी
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और जिन रास्तों से खप्पर यात्रा गुजरनी थी, वहां पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जवान रातभर मुस्तैद रहे. इसके साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी यात्रा और भीड़ की निगरानी की जा रही थी. खप्पर यात्रा के निर्धारित मार्ग से गुजरने के बाद खप्पर अपने-अपने मंदिरों में पहुंचे. यहां पंडों की टीम ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देवी स्वरूप खप्पर को शांत कराया.
हजारों भक्तों ने किए आधी रात को मां के दर्शन
नवरात्र में धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ी इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम संपन्न होने के बाद एक साथ बड़ी संख्या में वाहनों के सड़कों पर निकलने से नगर के कुछ हिस्सों में घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही. इसके बावजूद खप्पर यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने से प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली.
