लोकेशन/बहराइच
मुशीर खान
बहराइच में चोरी और नकबजनी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पहली मुठभेड़ थाना बौण्डी क्षेत्र के बिलासपुर मोड़ तिराहे पर हुई, जिसमें जाबिर उर्फ जाकिर घायल हुआ। वहीं, दूसरी मुठभेड़ कोतवाली नानपारा क्षेत्र के बंजरिया नहर पुल के पास हुई, जिसमें नसीम उर्फ ठेकेदार गोली लगने से घायल हुआ।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी लखीमपुर खीरी के हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ कई जनपदों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से सेंट्रो कार, तमंचे, कारतूस, नकदी और जेवरात बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
