खिलचीपुर। राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को भव्य दशहरा चल समारोह निकाला गया।पटवा बाजार से सोमवरिया स्थित दशहरा मैदान तक निकले इस चल समारोह को देखने के लिए करीब 30 हजार से अधिक लोग पहुंचे।
चल समारोह में रावण, कुंभकरण और मेघनाद सहित 200 से अधिक पौराणिक एवं फिल्मी किरदार आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं भगवान श्रीराम की सेना में हनुमानजी और अंगद समेत 50 से अधिक पात्र शामिल हुए।
भव्य झांकियों और विभिन्न किरदारों से सजे इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया। दशहरा मैदान में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद लिया।
आकर्षक झांकियों ने मोहा मन
चल समारोह में भगवान श्रीराम और रावण के विविध स्वरूपों पर आधारित मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। रावण, कुंभकरण और मेघनाद जैसे पौराणिक पात्रों के साथ-साथ फिल्मी किरदारों ने भी उपस्थित जनसमूह का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। वहीं, श्रीराम की सेना के रूप में सजे हनुमान जी, अंगद एवं अन्य पात्रों ने चल समारोह की शोभा बढ़ाई। इस दौरान पूर्व विधायक प्रियव्रत सिंह, विधायक हजारीलाल दांगी, नगर परिषद के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
बाजार से दशहरा मैदान तक उमड़ा जनसैलाब
चल समारोह पटवा बाजार से शुरू होकर पैलेस रोड, सराफा बाजार, सुभाष चौक और तोपखाना गेट होते हुए सोमावरिया स्थित दशहरा मैदान में पहुंचा। समारोह के मार्ग और मैदान में अपार जनसैलाब देखने को मिला।
