मैहर में गूंजेगा सनातन – केजेएस टाउनशिप में 23 अक्टूबर को होगा ‘सनातन संवाद’, बागेश्वर धाम सरकार करेंगे आध्यात्मिक मार्गदर्शन
मैहर। सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में केजेएस सीमेंट लिमिटेड टाउनशिप में 23 अक्टूबर 2026 को ‘सनातन संवाद’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पूज्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी और वे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देंगे।
यह आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं, सामाजिक समरसता और जीवन में नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित करने का अवसर बनेगा। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने और समाज में सकारात्मकता व सद्भाव को बढ़ाने का संदेश मिलेगा।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए केजेएस सीमेंट लिमिटेड के चेयरमैन श्री पवन कुमार अहलूवालिया ने बताया कि ‘सनातन संवाद’ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। कंपनी औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस भव्य आयोजन में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसके लिए केजेएस प्रबंधन द्वारा मंच, पंडाल, पार्किंग, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
*रिपोर्ट – रामदत्त दाहिया |
