सकीट, एटा। थाना सकीट क्षेत्र के सकीट-नवोदय मार्ग पर गांव नगला काजी के पास गेहूं से भरा एक कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के दौरान कैंटर में सवार चालक और खलासी ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दोनों को हल्की-फुल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि हादसे के वक्त आसपास कोई राहगीर या अन्य वाहन मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, सकीट-नवोदय मार्ग पर गांव नगला काजी के पास गेहूं से लदा कैंटर जा रहा था। इसी दौरान पिछले टायर के बोल्ट टूट जाने से पहिया निकल गया और कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। कैंटर चालक पप्पू ड्राइवर ने बताया कि अचानक पिछले टायर के बोल्ट टूटने से पहिया निकल गया, जिसके कारण कैंटर पलट गया। कैंटर पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद गेहूं की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। ग्रामीणों ने चालक और हेल्पर को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद राहत की स्थिति बनी। और घटना के चलते मौके पर लोगो की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मधु दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए कैंटर को सीधा कराया। हादसे के दौरान किसी राहगीर या अन्य वाहन के चपेट में नहीं आने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।

