सकीट। मलावन-सकीट मुख्य मार्ग पर देशी शराब के ठेके के पास जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से राहगीरों तथा वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत हो रही है। कई दिनों से पानी जमा होने के कारण आसपास दुर्गंध फैल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे नालियां क्षतिग्रस्त होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसके चलते बारिश न होने के बावजूद यहां जलभराव की स्थिति बनी हुई है। गंदगी के कारण मच्छरों के पनपने और डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। स्कूली बच्चों को भी इस रास्ते से गुजरने में परेशानी होती है।
जलभराव का असर आसपास के दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और कीचड़ के कारण ग्राहक आने से कतराते हैं, जिससे उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने ग्राम पंचायत और प्रशासन से जलभराव की समस्या दूर कराने, नालियों की मरम्मत कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी। जल्द ही टीम भेजकर मौके की जांच कराई जाएगी। नाली की मरम्मत कराने और पानी की निकासी की व्यवस्था करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

