लो प्रेशर एक्टिव: 26 तारीख से भारी बारिश की आशंका, चक्रवात से निपटने के लिए सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द।
भुवनेश्वर:( ओडिशा:) बंगाल की खाड़ी में बने समुद्री चक्रवात ‘मोन्था’ से निपटने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आगामी 26 तारीख की सुबह से राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश शुरू होने की संभावना है। इस आपातकालीन स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा सभी सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और सभी को अपने-अपने मुख्यालय में उपस्थित रहने का सख्त निर्देश दिया गया है।
राज्य के राजस्व मंत्री और विशेष राहत आयुक्त (SRC) ने एक उच्च स्तरीय बैठक में चक्रवात की तैयारियों की समीक्षा की है। संभावित प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों (कलेक्टर्स) को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के लिए कहा गया है और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के लिए चक्रवात आश्रय स्थलों (Cyclone Shelters) को तैयार रखा गया है। इसके साथ ही ओड्रफ (ODRAF) और दमकल विभाग (अग्निशमन बल) को भी संवेदनशील इलाकों में तैनात किया जा रहा है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका के कारण मछुआरों को समुद्र के अंदर न जाने की स्पष्ट चेतावनी जारी की गई है ।
