झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में रेल कर्मचारियों के कल्याण, समावेशिता और संगठनात्मक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शुक्रवार (23 अक्टूबर 2026) को मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा अखिल भारतीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति रेलवे कर्मचारी संगठन के नए ‘प्रेम’ (PREM) कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कर्मचारियों के कल्याण और संवाद का बनेगा सशक्त मंच कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि यह पहल रेल कर्मचारियों के बीच एकता, समावेशिता और आपसी सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस कार्यालय के माध्यम से कर्मचारियों और प्रशासन के बीच संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा, जिससे कर्मचारियों के हित और कल्याण से जुड़े विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया जा सकेगा।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय रेलवे अपने कर्मचारियों के कल्याण, समान अवसरों और समावेशी कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रयासरत है। कार्यस्थल पर बेहतर और सौहार्दपूर्ण वातावरण निर्मित करने की दिशा में यह मंच अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
उद्घाटन अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी व पदाधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान रेलवे प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और संगठन के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री नंदीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम सहित सभी शाखा अधिकारी मौजूद रहे।
साथ ही संगठन की ओर से मंडल अध्यक्ष श्री सत्यपाल सिंह, मंडल सचिव श्री वीरेन्द्र कुमार अहिरवार एवं संगठन के समस्त पदाधिकारी तथा कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
