झांसी। भारतीय रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अंतर्गत झांसी मंडल स्थित टीए कैम्पस के मैदान में शुक्रवार (23 अक्टूबर 2026) को 19वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल श्वान प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के 17 रेलवे जोनों से आए कुल 73 प्रशिक्षित श्वान (डॉग्स) हिस्सा ले रहे हैं, जो विस्फोटक पदार्थों की पहचान, नारकोटिक्स डिटेक्शन और ट्रैकिंग जैसे विभिन्न कठिन कार्यों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि डीआरएम ने की प्रतियोगिता की शुरुआत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक (DRM) झांसी, श्री अनिरुद्ध कुमार रहे। उनका स्वागत वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (RPF) श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा ने किया। इसके उपरांत वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। परेड कमांडर द्वारा मुख्य अतिथि से अनुमति प्राप्त करने के बाद डीआरएम ने प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न जोनों से आई आरपीएफ की टुकड़ियों ने शानदार परेड निकालकर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
श्वानों के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन शुभारंभ समारोह के दौरान प्रशिक्षित श्वानों ने अपनी अद्भुत कार्यकुशलता, अनुशासन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन किया।
-
श्वान ‘शैडो’ और ‘ड्यूक’ ने सटीक निशाना साधते हुए गुब्बारे फोड़ने का प्रदर्शन किया।
-
श्वान ‘बोल्ट’ ने आग की लपटों के बीच बने कठिन अवरोध को छलांग लगाकर सफलतापूर्वक पार किया।
-
इसके अलावा श्वानों ने मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों को अपने मुंह से पुष्पगुच्छ भेंट कर अनूठे अंदाज में स्वागत किया।
-
समारोह में फायर हर्डल, सामान्य हर्डल, बम पहचान, नारकोटिक्स की पहचान और ट्रैकिंग के रोमांचक प्रदर्शन किए गए, जिन्हें देखकर सभी अतिथि अचंभित रह गए।
सुरक्षा व्यवस्था में श्वानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण: डीआरएम मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित श्वानों और उनके हैंडलर्स की भूमिका की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं श्वानों के कौशल, दक्षता और सतर्कता को परखने और उनमें और अधिक निखार लाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करती हैं।
गरिमामयी उपस्थिति इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री नंदीश शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) श्री रूपेश बघेला, सहायक सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ, क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज) श्री विनय महराज, सहायक सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ, झांसी) श्री कृष्णा नन्द तिवारी सहित आरपीएफ के कई निरीक्षक और रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
