कालपी (मंडला):
जहाँ एक ओर देशभर में शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया, वहीं मध्य प्रदेश के मंडला जिले के बीजाडांडी जनपद अंतर्गत कालपी क्षेत्र में भी त्योहार की जबरदस्त धूम देखने को मिली।
नवरात्रि के प्रथम दिन (घटस्थापना/बैठकी) से लेकर पंचमी, महाअष्टमी, हवन, कन्या पूजन, भंडारा और विसर्जन चल समारोह तक विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इन सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति भाव से पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ अर्जित किया।
विभिन्न मोहल्लों में स्थापित की गईं माँ दुर्गा की प्रतिमाएँ
कालपी ग्राम के प्रमुख स्थानों एवं मोहल्लों—जैसे बाजार मोहल्ला, फॉरेस्ट कॉलोनी, जरा टोला और आमा टोला सहित कई अन्य स्थलों पर माँ दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाएँ स्थापित की गई थीं।
पूरे नौ दिनों तक माता की चौकी पर सुबह और शाम महाआरती व विशेष पूजा-अर्चना की गई। पंडितों एवं आचार्यों के सानिध्य में विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिसके बाद विशाल भंडारे और कन्या भोज का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकला विसर्जन चल समारोह
नवरात्रि के समापन अवसर पर क्षेत्र में भव्य विसर्जन चल समारोह निकाला गया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुनों पर झूमते हुए श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया और “अगले बरस तू जल्द आ” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
स्थानीय निवासियों एवं समिति के सदस्यों के सहयोग से सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।
ख़बर रवि झारिया
स्टेट रिपोर्टर मध्यप्रदेश
