सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने उच्च प्राथमिक विद्यालय लोढ़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्मार्ट क्लास के माध्यम से चल रही पढ़ाई का जायजा लिया और बच्चों की सीखने-समझने की क्षमता की सराहना की। जिले के सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के जरिए डिजिटल शिक्षण दिया जा रहा है, जिससे पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने स्मार्ट क्लास में डिजिटल माध्यम से पढ़ाए गए पाठों पर बच्चों से प्रश्न पूछे। बच्चों ने पाठ की समझ दिखाते हुए सटीक जवाब दिए, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बच्चों को चॉकलेट और टॉफी भी वितरित की।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि स्मार्ट क्लास से शिक्षा अधिक रोचक, सरल और प्रभावी बनी है। डिजिटल शिक्षण से कठिन विषयों को बच्चे आसानी से समझ पाते हैं और आधुनिक तकनीक से उनमें आत्मविश्वास तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।जिलाधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों से स्मार्ट क्लास का नियमित एवं प्रभावी उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल सामग्री का सही उपयोग कक्षा में बच्चों की भागीदारी और सीखने के स्तर को बेहतर बना सकता है। जिले में स्मार्ट क्लास के माध्यम से एनसीईआरटी एवं एससीईआरटी से अनुमोदित शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

