- त्योहारों से पहले अलर्ट हुई खैरगढ़ पुलिस, स्वर्णकारों के साथ बैठक कर सुरक्षा पर किया मंथन
खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए थाना खैरगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में थाना प्रभारी ने खैरगढ़ और हाथवंत क्षेत्र के स्वर्णकारों के साथ बैठक कर प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर चर्चा की और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सुझाव मांगे।
बैठक में थाना प्रभारी ने स्वर्णकारों को अपने प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
थाना प्रभारी ने सभी स्वर्णकारों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सतर्क रहेगी।
इस अवसर पर हलका प्रभारी परविंदर सिंह के साथ स्वर्णकार अनुराग गुप्ता, अनुज गुप्ता, सौरभ पोद्दार, लालू पोद्दार, अनिल वर्मा, प्रेमचंद बघेल, संजय वर्मा और अनमोल पोद्दार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इंडियन टी वी न्यूज़ रिपोर्टर अमित पालीवाल

