*पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने किए मां शारदा के दर्शन, ‘सनातन संवाद’ में बरसे भक्त, धार्मिक नगरी मैहर में उमड़ा जनसैलाब
रामदत्त दाहिया
*मैहर।* धर्मनगरी मैहर में शुक्रवार को विश्वविख्यात कथावाचक एवं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भव्य शुभागमन हुआ। उनके आगमन पर पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर का मैहर पधारने पर श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक चतुर्वेदी ने कहा कि पूज्य महाराज जी की दिव्य सन्निधि आध्यात्मिक चेतना एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। वे सनातन धर्म के प्रखर ध्वजवाहक हैं तथा सनातन संस्कृति के संवर्धन और लोककल्याण हेतु अहर्निश समर्पित हैं।
*मां शारदा के दरबार में लगाई हाजिरी*
मैहर पहुंचते ही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा देवी के मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मां शारदा मंदिर के प्रधान पुजारी पवन महाराज, दीपक महाराज तथा नितिन महाराज की उपस्थिति में उन्हें माता की चुनर भेंट की गई और विशेष पूजन संपन्न हुआ।
*’सनातन संवाद’ में जुटी भीड़*
मैहर में आयोजित ‘सनातन संवाद’ कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जन पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कई श्रद्धालुओं की पर्चियां निकालीं, जिसे लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता और उत्साह देखा गया।
*दिग्गजों की रही उपस्थिति*
इस भव्य आयोजन में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, सतना सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, मैहर कलेक्टर विदिशा मुखर्जी और मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मैहर में ‘बागेश्वर बालाजी शक्ति मठ’ की घोषणा कार्यक्रम के दौरान मैहर में ‘बागेश्वर बालाजी शक्ति मठ’ बनाए जाने की घोषणा ने सबसे अधिक सुर्खियां बटोरीं। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को और आगे बढ़ाने की इस घोषणा से मैहर सहित आसपास के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
प्रशासनिक मुस्तैदी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच यह धार्मिक आयोजन पूरे भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
