ब्रेकिंग न्यूज़ | सिवनी, मध्य प्रदेश
सिवनी।
जिले में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत आवेदन के अनुसार, प्रियांशु सनोडिया 22 अगस्त 2026 की रात लगभग 10:30 से 11 बजे के बीच महावीर मड़िया के सामने सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। आरोप है कि अज्ञात वाहन के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
आवेदन में बताया गया है कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रियांशु का उपचार लगातार चल रहा था। उपचार के दौरान 22 अक्टूबर 2026 को उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में घटना रिकॉर्ड होने का दावा
परिजनों ने अपने शिकायत आवेदन में उल्लेख किया है कि दुर्घटनास्थल के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई थी। इसके बावजूद, आवेदन के अनुसार, दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक के विरुद्ध अब तक कार्रवाई नहीं होने की बात कही गई है।
वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग
मृतक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने और संबंधित चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।
शुभम सनोडिया सिवनी म प्र
