कुम्हेर, डीग और पहाड़ी ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में स्वीप गतिविधियां आयोजित, विद्यार्थियों ने ‘चलो मतदान करें’ गीत के माध्यम से दिया मतदान का संदेश
डीग, 26 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत ‘एक शाम लोकतंत्र के नाम’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पहाड़ी, कुम्हेर और डीग ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों, महिलाओं और विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।
जिला स्वीप कॉर्डिनेटर धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी ब्लॉक के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय सहसन एवं खंडेवला में विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता गतिविधियों में भाग लेकर ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया। वहीं, डीग ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दिदावली में भी छात्र-छात्राओं ने ‘एक शाम लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियों में सहभागिता निभाई।
कुम्हेर ब्लॉक में भी विद्यार्थियों ने दिया मतदान जागरूकता का संदेश
इसी क्रम में आज कुम्हेर ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अस्तावन, अवार एवं दांदू में ‘एक शाम लोकतंत्र के नाम’ गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘चलो मतदान करें’ गीत गाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने गीत एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिले में संचालित इन स्वीप गतिविधियों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना तथा प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है। विद्यार्थियों की सहभागिता से मतदाता जागरूकता का संदेश समुदाय तक पहुंचाने और चुनाव प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
