अशोकनगर जिले की नईसराय पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गुना निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर दो लग्जरी कारें, लैपटॉप, मोबाइल फोन, सैकड़ों सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंकिंग किट, आधार कार्ड, पहचान संबंधी दस्तावेज और नगदी सहित बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में अन्य लोगों के दस्तावेजों से बैंक खाते खुलवाकर उन्हें संदिग्ध वित्तीय लेन-देन में इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। पूछताछ में पुलिस बनकर आगरा निवासी एक व्यक्ति से करीब 30 लाख रुपये ठगने की कथित योजना का खुलासा भी हुआ है। पुलिस फरार संदिग्धों, बैंक खातों और अन्य राज्यों में संभावित साइबर अपराधों से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश एवं एसडीओपी चंदेरी महेश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नईसराय उपनिरीक्षक आशुतोष गुप्ता और उनकी टीम ने की।
