हरदोई, उत्तर प्रदेश। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में अंतरजनपदीय टीम के सहयोग से हरदोई में मिठाई की दुकानों और खाद्य पदार्थों के निर्माण से जुड़ी इकाइयों पर छापेमारी कर जांच की गई।
महादेव स्वीट्स से मिले सड़े रसगुल्ले
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने महादेव स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां से करीब 10 किलो सड़े रसगुल्ले नष्ट कराए गए। इसके अलावा खोया और रसमलाई के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच की जा सके।
सांवरिया स्वीट्स से 60 किलो काजू सीज
टीम ने सांवरिया स्वीट्स पर भी कार्रवाई की। यहां से करीब 53 हजार रुपये कीमत के 60 किलो काजू सीज किए गए। विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नियमानुसार बिक्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांच-पड़ताल की।
बिना लाइसेंस चल रही फैक्ट्री बंद, मुकदमा दर्ज
अभियान के दौरान बिना लाइसेंस संचालित एक फैक्ट्री को बंद कराया गया। साथ ही संबंधित मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।
वृंदावन स्वीट्स से पेड़े का नमूना लिया
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वृंदावन स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। यहां से पेड़े का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य दीपावली पर उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
ITN National News शिवम शुक्ला
