Jiझांसी। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) क्षेत्र में आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में बीडा क्षेत्र में प्रस्तावित डेटा सेंटर क्लस्टर की स्थापना, निर्माण और विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के बाद सीईओ मनोज कुमार सिंह ने बीडा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रस्तावित डेटा सेंटर क्लस्टर स्थल का ग्राउंड इंस्पेक्शन (स्थलीय निरीक्षण) किया। इस दौरान जमीन की उपलब्धता, कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया गया।
निवेश, रोजगार और डिजिटल प्रगति को मिलेगा बल बैठक के दौरान प्रस्तावित डेटा सेंटर क्लस्टर से उत्पन्न होने वाली नई निवेश संभावनाओं, रोजगार सृजन, तकनीकी विकास और बुंदेलखंड में औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को गति देने पर विस्तृत चर्चा हुई। परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए लोक निर्माण, विद्युत और सिंचाई विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन से दी गई भूमि की जानकारी बैठक का सफल संचालन बीडा के एसीईओ प्रवीण वर्मा ने किया। उन्होंने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से डेटा सेंटर क्लस्टर के लिए चिह्नित भूमि और उसकी भौगोलिक स्थिति का पूरा ब्योरा प्रस्तुत किया।
बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद इस उच्चस्तरीय बैठक में बीडा अध्यक्ष/मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, बीडा सीईओ संजय खत्री, जिलाधिकारी झाँसी गौरांग राठी, जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, बीडा सीजीएम अरविंद कुमार जैन, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सलाहकार बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
