दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बे में अवैध रूप से चल रहे पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाया है। शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान बिना पंजीकरण संचालित पाए गए तीन पैथोलॉजी केंद्रों को सील कर दिया गया। विभागीय टीम ने तीनों सेंटरों के संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
यह कार्रवाई एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव के नेतृत्व में की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दुद्धी कस्बे में छापेमारी कर मॉडर्न पैथोलॉजी, न्यू मॉडर्न पैथोलॉजी और हिंद पैथोलॉजी की गहनता से जांच की।
जांच के दौरान जब अधिकारियों ने संचालकों से केंद्र संचालन से जुड़े वैध कागजात व रजिस्ट्रेशन दस्तावेज पेश करने में असमर्थ रहे। इसके बाद टीम ने विभागीय रिकॉर्ड से मिलान किया, जहां इन तीनों सेंटरों का कोई पंजीकरण दर्ज नहीं मिला। इसके अलावा दो केंद्रों के नाम भी नियमों के अनुरूप और संतोषजनक नहीं पाए गए।
मामले की जानकारी देते हुए एसीएमओ डॉ. जीएस यादव ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन पाए जाने पर तीनों पैथोलॉजी सेंटरों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया गया है और संचालकों को नोटिस थमाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित तीन दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
